हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भलेई-खैरी मार्ग पर स्थित कांडी पुल से एक युवक द्वारा चमेरा-1 जलाशय में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। यह घटना मंगलवार दोपहर की है, जिसे वहां मौजूद एक बच्चे ने अपनी आंखों से देखा और तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया। लापता युवक की पहचान द्रड्डा पंचायत के धार गांव के निवासी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही युवक के परिजन और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन काफी तलाश के बाद भी देर रात तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।इस मामले में एक हृदयविदारक पहलू यह भी सामने आया है कि युवक ने छलांग लगाने से पहले सोशल मीडिया पर एक व्हाट्सएप स्टेटस साझा किया था। इस स्टेटस में उसने अपनी जिंदगी से निराशा व्यक्त की थी और अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए जान देने की बात कही थी। फिलहाल यह भावुक संदेश सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। एसपी विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम और बचाव दल लगातार जलाशय में युवक की तलाश कर रहे हैं।
