चम्बा के सरोल क्षेत्र से बुधवार शाम को लापता हुई एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने अपनी मुस्तैदी दिखाते हुए मात्र 24 घंटों के भीतर सुरक्षित ढूंढ निकाला है। बुधवार शाम करीब 4 बजे जब बच्ची घर से अचानक गायब हो गई, तो परिजनों ने उसकी हर जगह तलाश की, लेकिन सफलता न मिलने पर वीरवार सुबह पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर थाना चम्बा की पुलिस ने तुरंत 4 सदस्यों की एक विशेष टीम गठित की।
पुलिस टीम ने चम्बा-तीसा मार्ग, एन.एच. और बस स्टैंड के सी.सी.टी.वी. फुटेज खंगाले, जिसमें लड़की पठानकोट जाने वाली बस में सवार होती दिखाई दी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस की टीम तुरंत पठानकोट पहुंची और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से लड़की को सुरक्षित ढूंढ निकाला। बरामदगी के बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर बच्ची को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है।
एस.पी. विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्ची सुरक्षित है और अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह घर से क्यों गई थी। परिजनों ने पुलिस की इस तेज-तर्रार कार्यशैली और तत्परता के लिए आभार व्यक्त किया है।
By Dhruv Sharma
