हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की बल्ह घाटी में बुधवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब एक बेकाबू तेंदुए ने रिहायशी इलाकों में घुसकर कई लोगों पर हमला कर दिया। यह घटना चंडयाल, भड़याल और मलवाणा गांवों में हुई, जहां तेंदुए के हमलों से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।जानकारी के अनुसार, तेंदुए ने सबसे पहले चंडयाल बस्ती में हमला किया, इसके बाद भड़याल गांव में चार ग्रामीणों को घायल कर दिया। इसके बाद तेंदुआ मलवाणा गांव पहुंचा, जहां उसने 40 वर्षीय बलवीर सिंह निवासी भ्यूली पर जानलेवा हमला कर दिया। बलवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से मंडी का रहने वाला था और मलवाणा में अपने परिचितों से मिलने आया हुआ था।इस घटना में बिहार के साहिब सिंह समेत दीनानाथ, चंपा देवी, जनित और रेखा देवी भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए नेरचौक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।तेंदुए के हमलों से गुस्साए ग्रामीणों ने आत्मरक्षा में एकजुट होकर जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तेंदुए को मार गिराया गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित परिवारों को प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता दी जा रही है। वहीं, डीएफओ मंडी वासु डोगर ने कहा कि तेंदुए के आक्रामक होने के कारणों की जांच की जा रही हैईश्वर
दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे।
By Dhruv Sharma
