कांगड़ा: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत तंगरोटी में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्याएं सुनीं और कई विकास योजनाओं का ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने सभी स्थानीय महिला मंडलों को एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही रामेड़–तंगरोटी संपर्क मार्ग, तंगरोटी सड़क की टारिंग और आसपास के सड़कों के लिए धनराशि जारी करने का आश्वासन दिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा को पर्यटन राजधानी घोषित करने के बाद क्षेत्र में तेजी से पर्यटन परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए 460 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिसके पूरा होने पर स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा और जमीनों के मूल्य में वृद्धि होगी।उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों को राहत देते हुए गाय के दूध का समर्थन मूल्य 51 रुपये और भैंस के दूध का 61 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया है। इसके अलावा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए गेहूं 60 रुपये, मक्की 40 रुपये और कच्ची हल्दी 90 रुपये प्रति किलो MSP पर खरीदी जा रही है।सुक्खू ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में ऐतिहासिक सुधार किए जा रहे हैं। हिमाचल ने 99.30 प्रतिशत साक्षरता के साथ पूर्ण साक्षर राज्य का दर्जा हासिल किया है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में देश में 5वें स्थान पर पहुंचा है। स्वास्थ्य सेवाओं में रोबोटिक सर्जरी, पैट स्कैन और आधुनिक मशीनें स्थापित की जा रही हैं।इस अवसर पर कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने कहा कि मुख्यमंत्री जनता की समस्याएं सुनने के लिए पंचायतों के दौरे कर रहे हैं, जबकि धर्मशाला के भाजपा विधायक जनता से दूर हैं। उन्होंने बताया कि तंगरोटी में दूध संग्रहण केंद्र का विस्तार किया जाएगा।कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
By Dhruv Sharma
