मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज जिला हमीरपुर के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित गांवों का दौरा किया और नुक़सान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत की और भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हर संभव मदद करेगी।
सीएम ने चबूतरा गांव में भूमि धंसने से बेघर हुए परिवारों से मुलाकात की और घोषणा की कि मकान निर्माण के लिए प्रत्येक परिवार को 7 लाख रुपये प्रदेश सरकार अपने संसाधनों से देगी, जबकि आवश्यक सामान के लिए 70 हजार रुपये अलग से दिए जाएंगे। इसके अलावा स्थानीय विधायक कैप्टन रणजीत सिंह भी अपनी ओर से एक-एक लाख रुपये देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और नुक़सान का आकलन कर केंद्र सरकार को रिपोर्ट भेजी जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि बेघर परिवारों को मकान निर्माण के लिए वन विभाग की सुरक्षित भूमि हस्तांतरित करने का मामला केंद्र के समक्ष रखा जाएगा।
इस दौरान उनके साथ स्थानीय विधायक कैप्टन रणजीत सिंह, भोरंज विधायक सुरेश कुमार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
By Neeraj Verma
