मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के जंगम बाग क्षेत्र स्थित बीबीएमबी कॉलोनी में मंगलवार को भयंकर भूस्खलन की घटना सामने आई। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।
जानकारी के अनुसार भारी बारिश के चलते हुए भूस्खलन में कई लोग इसकी चपेट में आ गए। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए प्रशासन और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, इस हादसे में 28 वर्षीय महिला भारती और उसकी ढाई साल की बेटी कीरत की जिंदा दबने से मौत हो गई थी।
हालांकि, ताजा अपडेट में राहत दलों ने ढाई साल की एक बच्ची को जिंदा निकाले जाने की खबर दी है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। वहीं, मलबे से एक महिला का शव भी बरामद किया गया है। राहत कार्य में लगी टीमों ने आशंका जताई है कि करीब 2 से 3 लोग अभी भी मलबे में दबे हो सकते हैं।
घटना के दौरान तेज धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और प्रशासन को इसकी जानकारी दी। तुरंत राहत दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। फिलहाल राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि बरसात के दिनों में लगातार हो रहे भूस्खलन से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में ढलानों और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहें और किसी भी तरह की आपात स्थिति में तुरंत सूचना दें।
By Neeraj Verma
