हिमाचल प्रदेश विधानसभा का चौथा दिन भी हंगामेदार रहा।
लगातार तीसरे दिन विपक्ष ने सदन में जोरदार विरोध दर्ज करवाया।
इस बार मुद्दा कर्मचारियों का डीए और एरियर रहा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जब सरकार की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी तब कर्मचारियों को उनका सब कुछ दे दिया जाएगा।
इस पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पलटवार करते हुए कहा कि ऐसी स्थिति फिलहाल काफी दूर है।
वहीं सदन में एक और मुद्दा भी उठा।
आरएस बाली जो विधायक होने के साथ-साथ पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष भी हैं, उन्होंने कहा कि उनका बिजली का बिल विभाग की ओर से 6 लाख रुपये भेजा गया जबकि वास्तविक बिल सिर्फ डेढ़ लाख रुपये था।
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यह जानबूझकर किया गया है तो कार्रवाई होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने आश्वासन दिया कि अगर यह विभागीय गलती है तो इसे सुधारा जाएगा, और अगर जानबूझकर किया गया है तो इस पर कार्रवाई भी होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि मेरा भी कई बार बिजली का बिल बढ़ा हुआ आता है।
साथ ही सदन में हिमाचल निर्माता डॉक्टर यशवंत सिंह परमार को भारत रत्न देने की मांग भी उठाई गई।
पूरा सदन इस पर सहमत नजर आया।
By Neeraj Verma
