शिमला से चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक साइबर अपराधी ने आपदा के समय अवसर का फायदा उठाते हुए उद्योग विभाग की आधिकारिक वेबसाइट हैक कर डाली, आरोपी ने वेबसाइट पर फर्जी “सीएम रिलीफ फंड” के नाम से पेज बनाकर उसमें अपना बैंक खाता नंबर और क्यूआर कोड डाल दिया, जिसके जरिए लोगों से पैसे ठग लिए गए, जांच में यह भी सामने आया कि विभाग के एक कर्मचारी ने परीक्षण के लिए 1 रुपए का ट्रांजैक्शन किया और यह सफल भी हो गया, जिससे ठगी की पुष्टि हो गई।
अतिरिक्त निदेशक तिलक राज शर्मा की शिकायत पर छोटा शिमला थाना में मामला दर्ज हुआ है, उन्होंने बताया कि वेबसाइट हिमाचल प्रदेश स्टेट डाटा सेंटर मैहली में होस्ट की गई है और केवल वहां की टीम को ही पेज अपलोड करने की अनुमति है, जांच में पता चला कि यह फर्जी पेज 26 जुलाई को अपलोड किया गया और 28 जुलाई को सुरक्षा कारणों से वेबसाइट बंद कर दी गई, अगले दिन जरूरी निर्देशों के बाद इसे फिर से शुरू किया गया।
अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि 26 से 28 जुलाई के बीच आम जनता ने इस फर्जी खाते में कितनी राशि जमा की, पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66(सी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है, एसएसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि तकनीकी जांच जारी है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
(मीडिया रिपोर्ट्स)
