नई दिल्ली / शिमला: हिमाचल प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए दिल्ली में एक अहम बैठक संपन्न हुई, जिसमें लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री ने राज्य की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के लिए ₹660 करोड़ से अधिक की राशि और विभिन्न प्रस्तावों को सैद्धांतिक मंजूरी दी।
बैठक में केंद्रीय मंत्री ने NH 305 (सैंज-लूरी-बंजार-औट) के तहत बंजार से औट के बीच सुधार और तारकोल बिछाने के लिए ₹25.11 करोड़ तथा नगरोटा बगवां-रानीताल मार्ग (NH 303) के लिए ₹395 करोड़ की राशि मंजूर करने पर सहमति जताई। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2026-2027 के लिए केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत ₹239.45 करोड़ की दो प्रमुख सड़क विकास परियोजनाओं—’टीकर-जारोल-गहन-नानखड़ी-खमाड़ी’ और ‘छैला-नेरीपुल-यशवंत नगर-कुमारहट्टी’ मार्गों—को स्वीकृति दी गई, जिससे राज्य के सेब उत्पादकों को अपनी फसल मंडियों तक पहुँचाने में बड़ी आसानी होगी।
विक्रमादित्य सिंह ने ₹1775 करोड़ की लागत वाली जलोड़ी सुरंग (Jalori Tunnel) परियोजना के लिए स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया, जिस पर नितिन गडकरी ने मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा, PWD मंत्री ने सेतु बंधन परियोजना के तहत पुलों के लिए ₹3.46 करोड़ का आवंटन करने और CRIF के तहत वार्षिक बजट को बढ़ाकर ₹200 करोड़ करने की भी मांग रखी, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
Content Editor- Pushpa
