सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में स्थित गोहर उपमंडल की देवधार पंचायत के तनेली गांव में एक 22 वर्षीय विवाहिता ने अपने ही घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान भूपेंद्र कुमारी के रूप में हुई है। घटना के वक्त घर पर कोई मौजूद नहीं था और भूपेंद्र कुमारी अकेली थीं। उनके पति यशपाल दिहाड़ी-मजदूरी के सिलसिले में लाहुल क्षेत्र गए हुए थे, जबकि उनकी सास किसी निजी काम से बाहर गई हुई थीं।
जब परिवार के सदस्य काम निपटाकर वापस लौटे, तो उन्होंने भूपेंद्र कुमारी को कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया। इस भयावह दृश्य को देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया।
पुलिस कार्रवाई और जांच: सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। इसके साथ ही मृतका के मायके वालों को बुलाकर उनके विस्तृत बयान दर्ज किए गए। मायके पक्ष के सदस्यों ने किसी भी व्यक्ति या किसी प्रकार के संदेह की बात नहीं कही है।
हालंकि, अभी तक आत्महत्या के पीछे की मुख्य वजहों का खुलासा नहीं हो पाया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर विभिन्न पहलुओं से अपनी जांच शुरू कर दी है।
Content Writer- Ajay
