मंडी जिला के रिवालसर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सरकीधार गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 78 वर्षीय बुजुर्ग बौद्ध भिक्षुणी, ओजे छूकी, का शव उनकी कुटिया में अत्यंत संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। भिक्षुणी के सिर और गर्दन पर गहरे जख्मों के निशान पाए गए हैं, जिसे देखते हुए प्रथम दृष्टया इसे क्रूर हत्या का मामला माना जा रहा है। मृतका पिछले कई वर्षों से सरकीधार स्थित नैना देवी के घने जंगलों के बीच बनी एक बौद्ध गोंपा के पास छोटी सी कुटिया में अकेले रहती थीं और अपना जीवन पूजा-पाठ व साधना में व्यतीत कर रही थीं। मंगलवार को जब उनका शव लहूलुहान हालत में कुटिया के भीतर मिला, तो पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही मंडी पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने स्वयं घटनास्थल का दौरा किया और जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण नमूने और फोटोग्राफ एकत्रित किए हैं, साथ ही पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है ताकि संदिग्धों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर गहनता से तफ्तीश कर रही है ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे लाया जा सके।
By Dhruv Sharma
