हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के सलोगड़ा (बालूघाटी) में मानवता को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक सौतेले पिता ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अपने ही अढ़ाई साल के मासूम बच्चे की निर्मम हत्या कर दी। इस जघन्य अपराध का खुलासा तब हुआ जब आरोपी शातिर तरीके से बच्चे के शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे चुपचाप दफनाने ले जा रहा था। ग्रामीणों को उसकी संदिग्ध हरकतों पर शक हुआ और जब उन्होंने पूछताछ की, तो आरोपी घबरा गया। ग्रामीणों की तत्परता से तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिससे कातिल पिता रंगे हाथों पकड़ा गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह वारदात करीब दो दिन पहले अंजाम दी गई थी। नेपाली मूल के इस परिवार में महिला के पहले और दूसरे पति के बीच बच्चे की परवरिश को लेकर अक्सर विवाद रहता था। इसी रंजिश और घरेलू क्लेश के चलते आरोपी ने गुस्से में आकर मासूम की जान ले ली। एसपी सोलन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
By Dhruv Sharma
