चंबा जिला के भरमौर क्षेत्र के जांघी गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक बुजुर्ग व्यक्ति की अपनी ही आटा चक्की की चपेट में आने से जान चली गई। 68 वर्षीय मान सिंह सोमवार दोपहर करीब दो बजे अपनी चक्की में कुछ कार्य कर रहे थे, उसी दौरान क्षेत्र में बिजली गुल थी। जैसे ही अचानक बिजली वापस आई और चक्की चलने लगी, मान सिंह के कपड़े मशीन के गतिशील हिस्सों में उलझ गए। मशीन की चपेट में आने के कारण उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मृत्यु हो गई। जब परिजनों और ग्रामीणों ने खून से लथपथ शव देखा, तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक मान सिंह अपने पीछे दो बेटे और तीन बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि वह इसी चक्की के सहारे अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे और अभी उनके सबसे छोटे बेटे की शादी होना बाकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। पंचायत प्रधान सुभाष चंद और पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने घटना की पुष्टि की है। इस हादसे ने न केवल एक परिवार का सहारा छीन लिया, बल्कि पूरे जांघी गांव को गहरे गम में डुबो दिया है।
By Dhruv Sharma
