प्रदेश के सरकारी स्कूलों में लंबे समय से खाली चल रहे शारीरिक शिक्षा शिक्षकों (PET) के 870 पदों को भरने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। कोर्ट के आदेश के बाद शिक्षा विभाग ने इन पदों पर शिक्षकों को नियुक्ति देने के लिए प्रदेश सरकार से औपचारिक अनुमति मांगी है। जैसे ही सरकार से मंजूरी मिलती है, चयनित उम्मीदवारों को स्कूलों में तैनाती दे दी जाएगी।यह भर्ती प्रक्रिया बैचवाइज आधार पर की जा रही है, जिसकी काउंसलिंग मार्च 2023 में ही पूरी हो चुकी थी। हालांकि, एक वर्ष के डिप्लोमा को पात्रता में शामिल करने की मांग को लेकर कुछ उम्मीदवार कोर्ट चले गए थे, जिससे इस भर्ती पर रोक लग गई थी। अब कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि इस भर्ती के लिए केवल दो वर्ष का डिप्लोमा रखने वाले अभ्यर्थी ही पात्र होंगे।हाल ही में ‘बेरोजगार शारीरिक शिक्षक संघ’ के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा निदेशक आशीष कोहली से मुलाकात की, जिसमें उन्होंने आश्वासन दिया कि 3 साल का लंबा इंतजार अब खत्म होने वाला है और जल्द ही नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होगी।
By Dhruv Sharma
