हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भेंट कर प्रदेश के सेब बागवानों के हितों के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने विदेशी सेबों के बढ़ते आयात से स्थानीय उत्पादकों को हो रहे आर्थिक नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की और सेब को ‘विशेष श्रेणी’ में शामिल करने की मांग उठाई ताकि किसानों को अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा से सुरक्षा मिल सके।उन्होंने विशेष रूप से जुलाई से नवंबर (पीक सीजन) के दौरान सेब आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और ऑफ-सीजन में डंपिंग रोकने के लिए आयात शुल्क को बढ़ाकर 100 प्रतिशत करने की वकालत की। मुख्यमंत्री ने बताया कि न्यूजीलैंड के साथ मुक्त व्यापार समझौते और आयात शुल्क में कटौती के कारण हिमाचल के कोल्ड स्टोरेज में रखे सेबों के दाम गिर रहे हैं, जिससे करीब 2.5 लाख परिवारों की आजीविका संकट में है। 4,500 करोड़ रुपये की इस आर्थिकी को बचाने के लिए उन्होंने केंद्र से मात्रात्मक प्रतिबंध लगाने और व्यापार नीतियों में सुधार करने का पुरजोर आग्रह किया।
By Dhruv Sharma
