सिरमौर के सिल्लाघ्राट पटवार सर्कल में ईमानदारी से काम कर रहे एक पटवारी के साथ अभद्र व्यवहार और हिंसा का मामला सामने आया है। घटना 2 जनवरी की है, जब एक व्यक्ति ने पटवारी मुकेश कुमार के कार्यालय में घुसकर उन पर एक मामले में गलत रिपोर्ट तैयार करने के लिए दबाव बनाया। जब पटवारी ने इस गैर-कानूनी काम को करने से मना कर दिया, तो आरोपी ने उन्हें रिश्वत देने की कोशिश की और मेज पर पैसे रख दिए।पटवारी द्वारा रिश्वत ठुकराने पर आरोपी हिंसक हो उठा। उसने मुकेश कुमार को उनकी सरकारी कुर्सी से घसीटकर बाहर निकाला और उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके कपड़े भी फट गए। जब कार्यालय के चौकीदार ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी। इस हंगामे के कारण कार्यालय में काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने पटवारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
By Dhruv Sharma
