ऊना, हिमाचल प्रदेश: जिला ऊना के औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहाँ स्थित एक सरिया उद्योग में स्क्रैप उठाते समय अचानक क्रेन पलट गई, जिसकी चपेट में आने से पाँच मजदूर गंभीर रूप से दब गए। इस हादसे में दो कामगारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे जब उद्योग में काम चल रहा था, तभी स्क्रैप लदी क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे मजदूरों पर जा गिरी। आनन-फानन में सभी को नागरिक अस्पताल गगरेट पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक व्यक्ति बिहार और दूसरा स्थानीय गगरेट क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। अन्य तीन घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया है। घायलों में पंजाब, हरोली और देहरा के निवासी शामिल हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित यादव स्वयं मौके के लिए रवाना हो गए हैं। स्थानीय पुलिस बल ने उद्योग पहुँचकर जांच शुरू कर दी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा क्रेन में तकनीकी खराबी के कारण हुआ या इसके पीछे किसी प्रकार की लापरवाही थी।
