शिमला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अपने विशेष अभियान ‘मिशन क्लीन-भरोसा’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार देर रात बालूगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत सृष्टि माता मंदिर के समीप गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध वाहन (HP 01A-7733) को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर गाड़ी से 10.670 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में सवार एक युवती और एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 47 वर्षीय राकेश कुमार, निवासी ज्वालामुखी (कांगड़ा) और 22 वर्षीय स्मृति शर्मा, निवासी ठियोग (शिमला) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वर्तमान में पुलिस इस नेटवर्क की गहराई तक जाने के लिए आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक्स की जांच कर रही है। इसमें उनके बैंक खातों के लेन-देन और कॉल डिटेल्स को भी खंगाला जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे शिमला में किन लोगों को बेचा जाना था।
By Dhruv Sharma
