हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के हरोली उपमंडल में एक भीषण सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। पालकवाह के समीप एक तेज़ रफ्तार ट्रैक्टर ने लापरवाही से गलत दिशा में आते हुए एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक पर पीछे बैठा युवक, अनुज, सीधे ट्रैक्टर के टायर की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहा रक्षित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया है।पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी अरुण की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक सुरेंद्र कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक बेहद लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह अनहोनी हुई। इस हादसे के बाद मृतक अनुज के परिवार में मातम छा गया है और पूरे कर्मपुर गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
By Dhruv Sharma
