शिमला: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने एयरपोर्ट रोड, डीएवी स्कूल के समीप मजठाई में भाजपा प्रदेश कार्यालय का विधिवत शिलान्यास किया। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। शिलान्यास के बाद नड्डा ने कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीति पर चर्चा की।इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रस्तावित भवन की रूपरेखा से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि नड्डा के दूरदर्शी नेतृत्व में हिमाचल को एक भव्य और मजबूत प्रदेश कार्यालय मिला है, जो आने वाले वर्षों तक संगठन की गतिविधियों का केंद्र बनेगा। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल को दिए गए सहयोग को रेखांकित करते हुए कांग्रेस पर विकास को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया।पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में भाजपा को देशभर में ऐतिहासिक सफलताएं मिली हैं। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश पर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है और शासन भ्रष्टाचार व अव्यवस्था की भेंट चढ़ चुका है। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल की जनता अब फिर से भाजपा की सुशासन वाली सरकार चाहती है।कार्यक्रम उत्साह और संगठनात्मक संकल्प के साथ संपन्न हुआ, जिसे हिमाचल भाजपा के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।
By Dhruv Sharma
