हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने पेंशनरों के लिए दीवाली से पहले बड़ी राहत दी है। निगम ने सितंबर महीने की पेंशन जारी कर दी है। सरकार से अतिरिक्त ग्रांट प्राप्त होने के बाद पेंशन भुगतान के आदेश जारी किए गए और शनिवार को पेंशनरों के खाते में राशि भी पहुंच गई।
निगम प्रबंधन ने हाल ही में अगस्त माह की पेंशन जारी की थी और अब वायदे के अनुसार दीवाली से पहले सितंबर माह की पेंशन दी गई है। एचआरटीसी प्रबंधन का कहना है कि अब पेंशनरों की कोई भी पेंशन लंबित नहीं है। इससे पेंशनरों में उत्साह है और वे त्यौहार को खुशी से मना सकेंगे।
उधर, हिमाचल पथ परिवहन पैंशनर्ज कल्याण संगठन ने सरकार से अनुरोध किया है कि अक्टूबर माह की पेंशन भी समय पर जारी की जाए। हाल ही में पेंशनरों ने दो माह की पेंशन न मिलने के विरोध में शिमला के चौड़ा मैदान में धरना प्रदर्शन भी किया था।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि पेंशनरों की मांगें जायज हैं और सरकार उन्हें पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि एचआरटीसी को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
वहीं, हिमाचल प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव मार्केटिंग एंड कंज्यूमर फेडरेशन (हिमफेड) ने भी अपने कर्मचारियों को दीवाली से पहले तोहफा दिया है। हिमफेड ने कर्मचारियों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) देने का निर्णय लिया है। यह डीए अक्टूबर माह के वेतन के साथ एरियर सहित दिया जाएगा। हिमफेड के अध्यक्ष महेश्वर चौहान ने बताया कि इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है।
By Neeraj Verma
