सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को सोलन जिले के अर्की विधानसभा क्षेत्र में 34.46 करोड़ रुपये की सात विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
एक दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। उन्होंने 1.50 करोड़ रुपये की लागत वाले सरयांज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चंडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान (1.02 करोड़ रुपये), कुनिहार फल व सब्जी उप-मंडी (1.81 करोड़ रुपये) और दाड़लाघाट आईएसबीटी बस स्टैंड (10.17 करोड़ रुपये) का औपचारिक उद्घाटन किया।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने तीन नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इनमें मांगू (ग्याणा) में 10.39 करोड़ रुपये का 33/11 केवी जीआईएस विद्युत उपकेंद्र, दानोघाट-साहजादा-नेरी प्लाटी संपर्क मार्ग (7.09 करोड़ रुपये) और सिनटीघाट से बानधार एम्बुलेंस सड़क (2.38 करोड़ रुपये) शामिल हैं।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि कुनिहार उप-मंडी से 25 से 30 ग्राम पंचायतों के किसानों को अपनी उपज का सही मूल्य मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। वहीं, ग्याणा के नए बिजली उपकेंद्र से 10 ग्राम पंचायतों में लंबे समय से चली आ रही कम वोल्टेज की समस्या खत्म होगी और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिलेगी। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक संजय अवस्थी ने अर्की क्षेत्र को मिली इन विकास सौगातों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
Content Editor- Mahima
