सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ दोस्ती के रिश्ते पर खून की छींटें पड़ गईं। पलूहीं पंचायत में वीरवार रात को तीन दोस्त साथ मिलकर पार्टी कर रहे थे, लेकिन हंसी-मजाक के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। विवाद इतना उग्र हुआ कि आरोपी अरुण कुमार ने गुस्से में आकर अपने ही दोस्त अजय सिंह के सिर पर पत्थर से जोरदार हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश में शव को सड़क के निचले हिस्से में फेंक दिया और वहां से फरार हो गया।
शुक्रवार सुबह जब ग्रामीणों ने बरौर पंचायत के झल्ल गांव के पास अजय का खून से लथपथ शव देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी रमन चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संदेह के आधार पर जब मृतक के दोस्तों से पूछताछ की गई, तो आरोपी अरुण कुमार का जुर्म सामने आ गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस दूसरे दोस्त की भूमिका की भी जांच कर रही है ताकि हत्या के सही कारणों और घटनाक्रम की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
Content Writer-Vijay
