शिमला पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। बढ़ते वाहनों के दबाव और पर्यटन सीजन की चुनौतियों को देखते हुए पुलिस बल में विस्तार किया गया है। वर्तमान में यातायात पुलिस में स्वीकृत 180 पदों के मुकाबले केवल 136 कर्मी तैनात थे, जिसे हाल ही में 15 और अब 30 अतिरिक्त जवानों की नियुक्ति के साथ कुल 181 कर दिया गया है। शहर को विभिन्न सेक्टरों में बांटकर प्रमुख चौराहों और संवेदनशील बिंदुओं की पहचान की गई है, ताकि आम जनता और पर्यटकों की आवाजाही को आरामदायक बनाया जा सके।
विशेष रूप से टोटू चौक, संकट मोचन, लिफ्ट, हाई कोर्ट और समरहिल चौक जैसे 15 प्रमुख स्थानों पर जवानों की संख्या बढ़ाई गई है। इस नई रणनीति का एक मुख्य हिस्सा मोटरसाइकिल सवार ट्रैफिक राइडर्स का विस्तार है, जो संकरे मार्गों पर अवैध पार्किंग को रोकने और दुर्घटना की स्थिति में तुरंत मौके पर पहुँचने का कार्य करेंगे। पुलिस का मुख्य फोकस पीक ऑवर्स (स्कूल और कार्यालय समय), सप्ताहांत की भीड़ और व्यावसायिक क्षेत्रों में यातायात को सुचारू बनाए रखना है।
प्रशासन ने इस व्यवस्था को सफल बनाने के लिए नागरिकों, पर्यटकों और विशेषकर बस चालकों से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने निर्देश दिया है कि बसें केवल निर्धारित स्टॉप पर ही रोकी जाएं ताकि सड़क पर जाम न लगे। यातायात सुधार से संबंधित किसी भी सुझाव के लिए आम जनता एसएसपी शिमला के मोबाइल नंबर 8894728001 पर संपर्क कर सकती है। यह कदम शिमला को एक सुरक्षित और व्यवस्थित पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
By Dhruv Sharma
