????????????????????????????????????
शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर 77वें गणतंत्र दिवस का राज्य स्तरीय समारोह बड़े ही उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। ध्वजारोहण के पश्चात, राज्यपाल ने परेड का निरीक्षण किया और विभिन्न सैन्य व नागरिक टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। इस गौरवशाली अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।समारोह का मुख्य आकर्षण विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गई विकासात्मक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकारों ने पड़ोसी राज्यों के लोक नृत्यों से समां बांध दिया, वहीं हिमाचल पुलिस के कलाकारों ने ‘नशा मुक्त हिमाचल’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर समाज को एक सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने अदम्य साहस का परिचय देने वाले रितिक चौहान को ‘उत्तम जीवन रक्षा पदक’ से सम्मानित कर उनकी वीरता की सराहना की। यह आयोजन अनुशासन, एकता और राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक के रूप में संपन्न हुआ।
By Dhruv Sharma
