शिमला, हिमाचल प्रदेश के कोटखाई क्षेत्र में आज शाम एक बड़ा हादसा पेश आया, जिसमें नेपाली मूल के एक दम्पति की जान चली गई। यह घटना तहसील कोटखाई के पुडग डाकघर के अंतर्गत आने वाले छमरोता गांव में हुई। मिली जानकारी के अनुसार, प्रेम और अनिता नामक यह दम्पति स्थानीय निवासी सुरेंद्र कुमार के घर पर डंगे (पत्थरों की दीवार) का काम कर रहे थे। काम के दौरान अचानक घर की एक दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों पति-पत्नी मलबे के नीचे दब गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों द्वारा 108 हेल्पलाइन के माध्यम से प्रशासन को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही कोटखाई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, मलबे से बाहर निकालने तक दोनों की मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल हादसे के सही कारणों की गहनता से जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दीवार गिरने की मुख्य वजह क्या थी।
By Dhruv Sharma
