बिलासपुर जिले के झंडूता थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के विरुद्ध एक बड़ी सफलता हासिल की है। बीती रात जब पुलिस टीम समोह-भजवाणी फोरलेन पर गश्त और वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तब एक संदिग्ध जीप (HP 23D-2913) को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन के अंदर से 11 पेटियां अवैध शराब बरामद हुई, जिसमें 6 पेटी देसी शराब, 2 पेटी अंग्रेजी शराब और 2 पेटी बीयर शामिल थी।पकड़े गए आरोपी की पहचान घुमारवीं तहसील के अमरपुर निवासी तेज सिंह के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा मांगे जाने पर वह शराब के परिवहन से संबंधित कोई भी कानूनी दस्तावेज या परमिट पेश नहीं कर सका। इस मामले पर कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि शराब की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे कहाँ पहुँचाया जाना था।
By Dhruv Sharma
