मंडी: हिमाचल प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर मंडी के पड्डल मैदान में भव्य जन संकल्प सम्मेलन आयोजित किया गया। पूरे प्रदेश से पहुंचे लोगों की भारी भीड़ ने इस आयोजन को एक बड़े जनोत्सव का रूप दे दिया। सम्मेलन में राज्य सरकार के तीन वर्षों की विकास यात्रा, आर्थिक सुधारों, सामाजिक सुरक्षा, सुशासन और जनता की भागीदारी को विस्तार से प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अपने संबोधन में कहा कि बीते तीन वर्ष जनता को समर्पित रहे हैं। उन्होंने बताया कि सत्ता संभालते समय प्रदेश की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी, लेकिन सरकार ने इसे सुधारने और आत्मनिर्भर हिमाचल की नींव रखने का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने चुनावी गारंटियों में से अधिकांश को पूरा किया है। ओपीएस लागू होने से लाखों कर्मचारियों को राहत मिली, जबकि केंद्र सरकार ने इसके बाद हिमाचल की उधारी रोककर प्रदेश को बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए शुरू की गई इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि, किसानों को दूध पर देश का सबसे अधिक समर्थन मूल्य, गोबर खरीद योजना, बागवानों के लिए यूनिवर्सल कार्टन व्यवस्था और युवाओं के लिए 680 करोड़ रुपये की स्टार्टअप योजना जैसी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन में भी सरकार ने बड़ी पहल की है और अब तक 23,200 युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।
आपदा प्रबंधन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 और 2024 में हुई प्राकृतिक आपदाओं में लगभग 24,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से कोई विशेष आर्थिक सहायता नहीं मिली। प्रदेश सरकार ने अपने स्तर पर बड़ा राहत पैकेज जारी किया और मुआवजे की दरों में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की। समाज के कमजोर वर्गों के लिए शुरू की गई कई योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि रोबोटिक सर्जरी, आधुनिक मशीनों की उपलब्धता और स्कूलों में नई व्यवस्थाएं हिमाचल को नई दिशा दे रही हैं। पर्यटन, प्राकृतिक खेती, हरी ऊर्जा और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को लेकर भी सरकार तेज़ी से काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि चिट्टा बेचने वालों के लिए हिमाचल में कोई जगह नहीं है और सरकार इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी असली ताकत है और आने वाले वर्षों में विकास की गति और तेज़ होगी।
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने भी सरकार की उपलब्धियों की प्रशंसा की और कहा कि हिमाचल मॉडल देश में चर्चा का विषय बन चुका है। उन्होंने भाजपा पर अनैतिक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हिमाचल की जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब दिया है।
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, पेयजल, संस्कृति, रोजगार, कृषि और बागवानी में किए गए काम प्रदेश के समग्र विकास को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जमीनी स्तर पर सुधार कर रही है और हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ी जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि सरकार की तीन वर्षों की उपलब्धियां ऐतिहासिक और जनहितकारी हैं, और कांग्रेस पार्टी इन्हें घर-घर तक पहुंचाएगी ताकि हर नागरिक इन योजनाओं का लाभ उठा सके।
कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी पिछले तीन वर्षों की उपलब्धियों को हिमाचल के विकास में महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सरकार की उपलब्धियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया और सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा तैयार वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया।
सम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, अधिकारी, कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
By Dhruv Sharma
