पालमपुर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पालमपुर में 19.77 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जाने वाले हेलीपोर्ट का शिलान्यास किया। हेलीपोर्ट में यात्री टर्मिनल भवन, फायर स्टेशन, उपयोगिता भवन सहित यात्रियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना अगले वर्ष अप्रैल तक पूरी हो जाएगी, जिसके बाद चंडीगढ़ और शिमला के लिए किफायती हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू की जाएंगी।उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है, जिससे युवाओं को रोजगार और आय के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि पालमपुर में प्रस्तावित पर्यटन गांव परियोजना को कानूनी बाधाओं के कारण रोक दिया गया है, लेकिन इसे दूर करने के प्रयास जारी हैं।मुख्यमंत्री ने गोपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण भी किया और बताया कि प्रदेश भर में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 3000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है तथा अस्पतालों में आधुनिक उपकरण लगाए जा रहे हैं।विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि लगभग 300 करोड़ रुपये की परियोजनाएं जल्द ही जनता को समर्पित की जाएंगी। इस अवसर पर रघुबीर सिंह बाली सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
By Dhruv Sharma
