सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश में यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं देने के उद्देश्य से हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) अपने बेड़े को नए सिरे से अपडेट करने जा रहा है। इसके तहत निगम 350 नई बसें खरीदने की योजना बना रहा है, जिसमें 250 डीजल बसें और 100 मिनी व मिडी बसें शामिल हैं। इस संबंध में आगामी 25 सितंबर को उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में होने वाली निदेशक मंडल (BoD) की बैठक में अंतिम फैसला लिए जाने की संभावना है। टेंडर प्रक्रिया में ज्यादा से ज्यादा कंपनियां हिस्सा ले सकें, इसके लिए नियमों व शर्तों में भी बदलाव किए गए हैं।
इसके साथ ही, बैठक में अपनी निर्धारित समय-सीमा पूरी कर चुकीं पुरानी जेएनएनयूआरएम (JNNURM) बसों को चरणबद्ध तरीके से हटाने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। इन पुरानी बसों की मरम्मत और संचालन पर खर्च अधिक आ रहा था जबकि आमदनी कम हो रही थी। वहीं, पर्यावरण-अनुकूल पहल के तहत बेड़े में शामिल की गई 297 इलेक्ट्रिक बसों की परफॉर्मेंस, उनसे हुई आय और डीजल में हुई बचत का पूरा ब्योरा भी इस बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा।.#hrtc #newbuses #himachalpradesh
Content Editor- Chanchala
