सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। अर्की उपमंडल के कुईरू गांव में एक मामूली कहासुनी ने एक हंसते-खेलते परिवार को कभी न भूलने वाला ज़ख्म दे दिया। बताया जा रहा है कि गांव के ही अनु (पुत्र विजय सिंह) नाम के युवक ने शुभम नाम के लड़के का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। झगड़े का शोर सुनकर शुभम की माँ, मीना ठाकुर, अपने बेटे की जान बचाने और दोनों को छुड़ाने के लिए तुरंत मौके पर पहुंचीं।
लेकिन ममता के इस बीच-बचाव का अंजाम बहुत भयानक निकला। झगड़े के दौरान आरोपी के जोरदार धक्के से मीना ठाकुर अनियंत्रित होकर लगभग 10 फीट नीचे डंगे (रिटेनिंग वॉल) पर जा गिरीं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल अर्की ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उस पर हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Content Editor- Ajay
