सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां झंडूता उपमंडल के चोरबांए पुल के पास एक बस कंडक्टर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान खलसाए गांव के रहने वाले सुमित कुमार (पुत्र रूप लाल) के रूप में हुई है। रोज़ाना की तरह सुमित सोमवार को अपनी ड्यूटी पर गया था और शाम करीब 6:30 बजे बस से उतरा भी, लेकिन जब वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा और उसका मोबाइल भी बंद आने लगा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। तलाश करने पर चोरबांए पुल के पास एक सरकारी स्कूल के समीप उसका शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तफ्तीश में मृतक के शरीर पर माथे के पास मामूली खरोंच के अलावा चोट के कोई गंभीर निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने घटनास्थल से चप्पलें, उल्टी के नमूने और एक ट्यूब जैसे साक्ष्य कब्जे में लिए हैं। क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बिलासपुर के एसपी संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी, फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है।
Content Writer- Vijay
