सच हिमाचल ब्यूरो: मंडी जिले के करसोग उपमंडल से एक बेहद ही दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां के सनारली क्षेत्र में रहने वाले 24 साल के एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस खौफनाक कदम के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। किसी को भी यकीन नहीं हो रहा है कि हंसता-खेलता नौजवान अब इस दुनिया में नहीं रहा।
मृतक की पहचान सुरेश उर्फ सज्जू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से करसोग तहसील के वखरास (डाकघर वखरौट) का निवासी था। सुरेश पेशे से एक ड्राइवर था और इन दिनों सनारली में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की देर शाम उसने अपने कमरे के साथ बने किचन में पंखे के कुंडे से फंदा लगा लिया। जब तक आसपास के लोगों या करीबियों को इस बात का अहसास होता, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और सुरेश की सांसें थम चुकी थीं।
घटना की भनक लगते ही करसोग पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया और सिविल अस्पताल करसोग पहुंचाया। रविवार को पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए रोते-बिलखते परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
फिलहाल, इस बात का सस्पेंस बरकरार है कि आखिर इतनी कम उम्र में सुरेश ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया। मामले की पुष्टि करते हुए करसोग के डीएसपी चांद किशोर ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आत्महत्या के असली कारणों को तलाशने के लिए पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी और गंभीरता से जांच कर रही है।
Content Writer- Vijay
