हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के जयसिंहपुर उपमंडल में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ पुलिस थाना लम्बागांव के तहत पड़ते तलवाड़ गांव में एक 31 वर्षीय युवक ने किराए के कमरे में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान अमन कुमार (31), निवासी भलूंदर (लाहड़ू) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अमन क्षेत्र में दिहाड़ी-मजदूरी कर अपना गुजारा करता था और अपनी पत्नी के साथ यहां किराए के मकान में रह रहा था। मंगलवार शाम को जब उसकी पत्नी मायके गई हुई थी, तब अमन घर पर अकेला था और इसी दौरान उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब बुधवार सुबह पंजाब के बठिंडा में रह रही अमन की मां ने उसे फोन किया। बार-बार कॉल करने के बावजूद जब अमन ने फोन नहीं उठाया, तो अनहोनी की आशंका जताते हुए मां ने पड़ोस में रहने वाले रवि कुमार को बेटे का हाल जानने के लिए भेजा। रवि जब कुछ स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचा, तो कमरा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद जब कोई जवाब नहीं मिला, तो लोग पिछले दरवाजे से अंदर घुसे, जहां अमन का शव पंखे से झूलता पाया गया। इस मंजर को देखकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलते ही लम्बागांव पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है, जो बठिंडा से रवाना हो चुके हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के पहुंचने के बाद उनके बयानों के आधार पर ही अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल, पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है।
By Dhruv Sharma
