शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आज कार्निवल के आठवें दिन और नया साल 2026 की पूर्व संध्या का अद्भुत संगम देखने को मिला। भारी संख्या में पहुंचे पर्यटकों के कारण पूरा रिज मैदान और माल रोड जीवंत हो उठा। स्थानीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत और रंग-बिरंगी रोशनी ने उत्सव के माहौल में चार चांद लगा दिए। कड़ाके की ठंड के बावजूद, सैलानियों के उत्साह ने पूरे शहर को जोश और उल्लास से भर दिया है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी समस्त प्रदेशवासियों को नए साल 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं दी। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि यह नया साल राज्य के लिए प्रगति और विकास के नए द्वार खोलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से समाज के हर वर्ग का उत्थान होगा और हिमाचल आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से कदम बढ़ाएगा। सीएम सुक्खू ने लोगों से नए संकल्प के साथ प्रदेश की उन्नति में अपना सहयोग देने का आह्वान किया है।
By Dhruv Sharma
