
कुल्लू के भुंतर में राफ्टिंग के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया, जब तेज बहाव में फंसी राफ्ट से सभी पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया गया। प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू टीम की त्वरित कार्रवाई से कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई है, जिसके बाद राफ्टिंग ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
कुल्लू। भुंतर के समीप नदी में राफ्टिंग के दौरान बड़ा हादसा टल गया, जब एक राफ्ट अचानक नदी के तेज बहाव में फंस गई। राफ्ट में सवार पर्यटकों की जान उस समय संकट में पड़ गई, लेकिन सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू टीम की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई से सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस. रवीश ने बताया कि घटना की जानकारी देर शाम प्राप्त होते ही पुलिस, होमगार्ड और रेस्क्यू दल को तुरंत मौके पर भेजा गया। रेस्क्यू टीम ने चुनौतीपूर्ण हालात और तेज जलधारा के बावजूद सूझबूझ से अभियान चलाकर राफ्ट में फंसे सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राफ्टिंग संचालन के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और वाटर स्पोर्ट्स नियमों की अनदेखी की गई। बिना पर्याप्त सुरक्षा प्रबंधों के राफ्टिंग कराई जा रही थी, जिससे पर्यटकों की जान जोखिम में पड़ी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित राफ्टिंग ऑपरेटर के खिलाफ पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज कर ली गई है तथा वाटर स्पोर्ट्स एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
