मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहाँ पॉलीटैक्नीक कॉलेज में पढ़ने वाले 16 वर्षीय छात्र अनुज मेहरा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अनुज सिविल इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष (तृतीय सैमेस्टर) का प्रशिक्षु छात्र था और मूल रूप से शिमला जिले की चिड़गांव तहसील के लरोट गांव का रहने वाला था। सोमवार सुबह जब काफी देर तक अनुज के कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो साथ रहने वाले सहपाठियों ने इसकी सूचना प्रबंधन को दी। जब दरवाजा खोला गया तो अंदर का मंजर देखकर सभी हैरान रह गए—अनुज बेसुध हालत में मिला। आनन-फानन में उसे पहले सुंदरनगर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उसे नेरचौक मैडीकल कॉलेज रैफर कर दिया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके और कॉलेज परिसर में मातम पसरा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो गया है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। मौके से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे छात्र के इस कदम के पीछे की वजह अब तक पहेली बनी हुई है। अनुज की मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई, क्या यह किसी मानसिक तनाव का नतीजा था या इसके पीछे कोई और वजह छिपी है? इस रहस्यमयी घटना को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों के मन में कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
Content Writer- Mahima
