ऊना, हिमाचल प्रदेश: जिला ऊना के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा बाबा बड़भाग सिंह, मैड़ी में चल रहे होली मेले के दौरान एक बेहद ही विचलित करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ पंजाब से अपनी माँ के साथ माथा टेकने आई एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ अश्लील हरकतें करने और उसके साथ मारपीट करने का संगीन मामला दर्ज किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरी घटना में पीड़िता की सगी माँ की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक के साथ-साथ पीड़िता की माता के खिलाफ भी शिकंजा कस दिया है।
साजिश के तहत झाड़ियों में ले गई माँ:पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह पंजाब के एक गाँव की रहने वाली है और 7वीं कक्षा की छात्रा है। 23 फरवरी को वह अपनी माँ और गांव की संगत के साथ मैड़ी मेले में आई थी। पीड़िता का आरोप है कि 27 फरवरी की रात करीब 1 बजे, उसकी माँ ने उसे बाथरूम जाने के बहाने टैंट से बाहर निकाला। माँ उसे टैंट से दूर झाड़ियों और एक कुएं के पास ले गई, जहाँ अमृतसर का रहने वाला आरोपी शिव पहले से ही नशे की हालत में मौजूद था।
विरोध करने पर कड़े से किया हमला:पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसे जबरन खींचकर अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। जब उसने विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और हाथ में पहने भारी ‘कड़े’ से उसके सिर पर वार कर दिया। इस हमले में किशोरी लहूलुहान हो गई और जमीन पर गिरने के कारण उसकी पीठ व कमर में भी गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब यह सब हो रहा था, उसकी माँ मूकदर्शक बनकर वहीं खड़ी रही। किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर वह वापस टैंट में पहुँची और संगत को आपबीती सुनाई।
पुलिस की कार्रवाई और छापेमारी:मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मेला अधिकारी एवं एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल करवा लिया गया है। पुलिस ने आरोपी शिव (निवासी अमृतसर) और पीड़िता की माता के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और पोक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 8 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस की टीमें आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
By Dhruv Sharma
