शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के अंतर्गत बालीधार (शांदल) के पास शुक्रवार की शाम एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा पेश आया। एक अनियंत्रित बोलेरो कैम्पर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी गिरने के बाद उसमें भीषण आग लग गई। इस मर्मस्पर्शी घटना में गाड़ी चालक सहित तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की टीम ने जलती हुई गाड़ी और दुर्गम खाई के बीच से कड़ी मशक्कत के बाद शवों और घायलों को बाहर निकाला।
मृतकों की पहचान चालक कपिल देव, पुष्पा देवी और उर्मिला देवी के रूप में हुई है, जो रामपुर क्षेत्र के ही निवासी थे। वहीं, घायल राकेश कुमार और लीला देवी को गंभीर हालत में खनेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी है। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।
By Dhruv Sharma
