शिमला। जिला शिमला के सुन्नी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जूनी गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। इस घटना में दोनों ओर से मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप लगाए गए हैं, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के पहले पक्ष में, महेशी लाल वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब वह अपनी जमीन पर जेसीबी मशीन से काम कर रहे थे, तब स्थानीय निवासी हेम चंद और उनकी माता ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लकड़ी के डंडे और पत्थरों से उन्हें पीटा, जिससे उन्हें कई गंभीर चोटें आई हैं। इतना ही नहीं, मारपीट के दौरान गाली-गलौज की गई और जेसीबी मशीन के हेडलाइट व साइड ग्लास को भी नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस ने इस संबंध में बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं, दूसरी ओर से श्रीमती हेमवती और हीरू राम ने महेशी लाल वर्मा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जवाबी मामला दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि महेशी लाल अपनी जेसीबी लेकर जबरन उनकी निजी भूमि में घुस आए और वहां लगे फलदार पेड़ों के साथ-साथ उनके रिहायशी मकान के कुछ हिस्सों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि इस दौरान उन्हें डराया-धमकाया भी गया। सुन्नी पुलिस अब दोनों मामलों की गहनता से जांच कर रही है ताकि विवाद की असली जड़ और दोषियों का पता लगाया जा सके।
By Dhruv Sharma
