मंडी जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ जारी अपनी मुहिम के तहत रिवालसर क्षेत्र के दरव्यास गांव में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने एक घर से 422 ग्राम चरस बरामद की है। नशे की यह खेप रसोईघर में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने मौके से कृष्णा देवी (47) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका पति जोगिंद्र सिंह, जिसे इस गिरोह का मुख्य सरगना बताया जा रहा है, पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गया है।हैरानी की बात यह है कि आरोपी जोगिंद्र सिंह पहले भी नशे के कारोबार में शामिल रहा है और जेल की हवा खा चुका है। पुलिस अब न केवल फरार आरोपी की तलाश कर रही है, बल्कि इस काले धंधे से बनाई गई उनकी चल-अचल संपत्ति की भी गहनता से जांच कर रही है। रिवालसर पुलिस चौकी प्रभारी एसआई मुंशी राम की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने खूब सराहना की है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने सख्त लहजे में कहा है कि नशे के तस्करों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगा।
By Dhruv Sharma
