!
चंबा पुलिस ने कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए किहार क्षेत्र की एक 17 वर्षीय लापता किशोरी को मात्र 12 घंटों के भीतर नूरपुर से सुरक्षित बरामद कर लिया है। चंबा में अपने रिश्तेदारों के साथ रह रही यह किशोरी रविवार शाम अचानक लापता हो गई थी, जिसकी शिकायत मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की।
सीसीटीवी खंगालने पर पुलिस को सुराग मिला कि किशोरी नूरपुर जाने वाली बस में सवार हुई थी। इसी आधार पर पुलिस ने नूरपुर में दबिश दी और उसे सफलतापूर्वक ढूंढ निकाला। पूछताछ और कानूनी औपचारिकताओं के बाद किशोरी को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में किसी भी तरह की अनहोनी या अपहरण की बात सामने नहीं आई है। एसपी चंबा, विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस की मुस्तैदी के कारण ही किशोरी को इतनी जल्दी सुरक्षित ढूंढना संभव हो पाया।
