शिमला: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने घोषणा की है कि हिमाचल को केंद्र सरकार से दो नए केंद्रीय विद्यालय मिलेंगे — कोटखाई (शिमला) और पांवटा साहिब (सिरमौर) में। इन स्कूलों के खुलने से प्रदेश में केंद्रीय विद्यालयों की संख्या 28 हो जाएगी और लगभग 80 शिक्षण व गैर-शिक्षण कर्मचारियों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। इसके अलावा, निर्माण कार्यों से स्थानीय श्रमिकों को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे।
रोहित ठाकुर ने बताया कि शिक्षा विभाग में अब तक 7,000 भर्तियां की जा चुकी हैं, 3101 पद चयन आयोग को भेजे गए हैं और नवंबर में 900 से अधिक TGT तथा 600 JBT पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। एनटीटी के 6200 पदों के लिए भी भर्ती प्रक्रिया चल रही है।
यह निर्णय राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप लिया गया है, जिसमें प्री-प्राइमरी स्तर से सीबीएसई पाठ्यक्रम की सुविधा होगी। इससे राज्य के हजारों बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं नजदीक मिलेंगी और शिक्षा के लिए पलायन कम होगा।
रोहित ठाकुर ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है और युवाओं के भविष्य को सशक्त बनाने में मदद करेगी।
By Neeraj Verma
