शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला जिले के रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के तहत चिड़गांव स्थित नगर पंचायत मैदान में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के समग्र विकास के लिए 182.87 करोड़ रुपये की कुल 61 विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री के इस दौरे से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं, सड़क नेटवर्क, स्वास्थ्य सेवाओं और पेयजल आपूर्ति को एक नई दिशा और मजबूती मिलेगी। स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ने सिविल अस्पताल रोहड़ू में 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक तथा जिला एकीकृत जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला की आधारशिला रखी। इसके अतिरिक्त, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखा में 3.54 करोड़ रुपये के विज्ञान ब्लॉक और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डोडरा में 4.93 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई इमारत का शिलान्यास किया गया। साथ ही, भलूण में विद्यालय के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन भी किया गया।
क्षेत्र के किसानों और आम जनता की सुविधा के लिए सिंचाई व पेयजल योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है। मुख्यमंत्री ने चिड़गांव और रोहड़ू तहसील के विभिन्न गांवों में करोड़ों रुपये की लागत वाली नल कनेक्शन, पेयजल आपूर्ति तथा उठाऊ सिंचाई योजनाओं का लोकार्पण किया, जिससे कुलगांव, चिल्लाला, संधा-भोंडा, लहासा और जांगला जैसे क्षेत्रों के निवासियों को स्वच्छ पेयजल और बेहतर सिंचाई सुविधाएं मिलेंगी।
रोहड़ू और चिड़गांव क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए दर्जनों नई सड़कों, संपर्क मार्गों, सोलिंग, मेटलिंग, टारिंग और मरम्मत कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया। इसमें चेणू से बलासन, कुलगांव, जलोह से गाड़, शील-सौंघी-मंडला जैसी प्रमुख सड़कें शामिल हैं। इसके साथ ही कई दूरदराज के गांवों को जोड़ने वाली नई संपर्क सड़कों का भूमि पूजन किया गया और भूस्खलन से प्रभावित मार्गों के रखरखाव के कार्यों की शुरुआत भी की गई।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इस अवसर पर कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी। सुदृढ़ सड़क नेटवर्क से वाहनों की आवाजाही आसान होगी, स्थानीय लोगों के समय और संसाधन की बचत होगी तथा पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं से लोगों को स्वच्छ जल और बेहतर कृषि साधन उपलब्ध होंगे।
Content Editor- Chanchala
