सच हिमाचल ब्यूरो: शिमला के ढली थाना क्षेत्र में न.शे के कारोबार पर नकेल कसते हुए पुलिस टीम को बड़ी सफलता हासिल हुई है। 27 सितंबर 2026 को गश्त के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर मशोबरा रोड पर स्थित दुर्गा माता मंदिर के पास त्वरित नाकाबंदी की गई। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो गाड़ी से एक पॉलीथीन का पैकेट बरामद हुआ, जिसमें 20 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) छिपाकर रखा गया था।
मामले में पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से चौपाल (जिला शिमला) का रहने वाला है और वर्तमान में बलदियां, शिमला में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (ND&PS Act) की धारा 21 के तहत एफआईआर संख्या 95/2026 दर्ज कर ली है। आरोपी को जल्द ही माननीय अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा और पुलिस इस नशा तस्करी के तार खंगालने के लिए मामले की आगे की जांच में जुटी है।
Content Editor- Chanchala
