सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी जिले के नेरचौक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल को एक बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में स्थापित एडवांस कैंसर केयर सेंटर में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुए 3-Tesla MRI मशीन और टर्शियरी केयर कैंसर सेंटर (TCCC) का विधिवत उद्घाटन किया। स्वास्थ्य क्षेत्र में इसे एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है क्योंकि इन सुविधाओं के शुरू होने से अब मरीजों को बेहद सटीक और त्वरित डायग्नोसिस की सुविधा कॉलेज परिसर में ही मिल सकेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अत्याधुनिक कैंसर जांच के लिए अनिवार्य मानी जाने वाली PET-CT स्कैन मशीन का शिलान्यास भी किया, जिससे आने वाले समय में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का शुरुआती चरणों में ही पता लगाना बेहद आसान हो जाएगा।
इस एडवांस सेंटर और नई मशीनों की स्थापना से मंडी सहित कुल्लू, बिलासपुर, हमीरपुर और लाहौल-स्पीति जैसे पड़ोसी जिलों के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। अब तक इन एडवांस टेस्ट और कैंसर थेरेपी के लिए स्थानीय मरीजों को आईजीएमसी शिमला या पीजीआई चंडीगढ़ का रुख करना पड़ता था, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होते थे। राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख मेडिकल कॉलेजों को दिल्ली एम्स (AIIMS) की तर्ज पर आधुनिक तकनीक और रोबोटिक सर्जरी सुविधाओं से लैस कर रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य के ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों तक उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है ताकि गरीब से गरीब व्यक्ति को भी महंगा इलाज अपने घर के नजदीक मुफ्त या बेहद किफायती दरों पर मिल सके।
Content Editor- Chanchala
