हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी और ग्लेशियर गिरने से हाहाकार मचा हुआ है। चम्बा के भरमौर में मलबे ने दुकानों और गाड़ियों को लील लिया है, वहीं 885 सड़कें बंद होने से राज्य के कई हिस्सों का संपर्क पूरी तरह कट चुका है। 3200 से अधिक ट्रांसफार्मर ठप्प होने की वजह से हजारों लोग भीषण ठंड के बीच अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। कुल्लू और लाहौल-स्पीति में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और प्रशासन ने एवललांच की चेतावनी जारी की है।
सावधान! 30 जनवरी से फिर बदलेगा मिजाज:
अभी राहत की उम्मीद कम है क्योंकि 30 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके असर से 1 फरवरी को भारी बर्फबारी और गर्जना के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में शीतलहर का प्रकोप और बढ़ेगा, जिससे पारा रिकॉर्ड स्तर तक नीचे गिर सकता है।
By Dhruv Sharma
