शिमला/नाहन: हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) प्रबंधन ने यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले एक चालक के खिलाफ कड़ा संज्ञान लेते हुए उसे तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला पांवटा साहिब-ढल्ली (शिमला) रूट पर चलने वाली बस से जुड़ा है, जहाँ चालक पर नशे की हालत में बस चलाने के गंभीर आरोप लगे हैं। निगम ने न केवल चालक को सस्पेंड किया है, बल्कि उसके खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश जारी कर दिए हैं।
कैसे सामने आया मामला?:
जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते शनिवार की है। बस निर्धारित समय 3:25 बजे पांवटा साहिब से रवाना होकर शाम करीब 5:00 बजे नाहन मुख्य बस स्टैंड पहुंची थी। नाहन से शिमला की ओर बढ़ते समय कंडाघाट के पास यात्रियों ने महसूस किया कि चालक शराब के नशे में है और बस पर उसका नियंत्रण ठीक नहीं है। यात्रियों की जान जोखिम में देखते हुए एक सतर्क यात्री ने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस और निगम की त्वरित कार्रवाई:
सूचना मिलते ही पुलिस ने कंडाघाट में घेराबंदी कर बस को रुकवाया। मेडिकल जांच और प्राथमिक पुष्टि के बाद नाहन डिपो प्रबंधन को सूचित किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सोलन के क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर नशे में धुत चालक को तुरंत ड्यूटी से हटा दिया गया। यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए फौरन एक वैकल्पिक चालक का प्रबंध किया गया और बस को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
मुख्यालय नाहन किया गया निर्धारित:
HRTC नाहन डिपो के उपमंडलीय प्रबंधक राम दयाल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी चालक को सस्पेंड कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उसका मुख्यालय नाहन तय किया गया है। निगम प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
By Vijay Singh
