शिमला: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में अपने सार्वजनिक जीवन के 8931 दिन पूर्ण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. बिंदल ने इसे देश के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे लंबे समय तक शासन करने वाले जननेता के रूप में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मोदी के कार्यकाल को सभी राज्यों के लिए अनुकरणीय बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद ‘प्रधानसेवक’ के रूप में उन्होंने देश की राजनीति को विकास की एक नई और सकारात्मक दिशा दी है।
डॉ. बिंदल ने आगे कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में भारत ने वैश्विक पटल पर आर्थिक, सामरिक और कूटनीतिक रूप से अपनी एक अलग और सशक्त पहचान बनाई है। गरीब कल्याण, महिला एवं युवा सशक्तिकरण और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को धरातल पर उतारने में वर्तमान सरकार के कार्य ऐतिहासिक रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि 8931 दिनों का यह सफर महज शासन का नहीं, बल्कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का प्रतीक है। अंत में, डॉ. बिंदल ने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ का मंत्र देश को निरंतर विकसित राष्ट्र बनाने की ओर अग्रसर कर रहा है।
By Neha Bisht
