हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा मोचन बल (HP SDRF) ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाते हुए नया इतिहास रच दिया है। गाजियाबाद में 9 से 11 मार्च तक आयोजित राष्ट्रीय CSSR (कोलैप्स्ड स्ट्रक्चर सर्च एंड रेस्क्यू) प्रतियोगिता में हिमाचल की टीम ने लगातार दूसरे साल पहला स्थान हासिल किया। इस प्रतिष्ठित मुकाबले में देशभर के 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 30 टीमों ने हिस्सा लिया था, जिन्हें पछाड़कर हिमाचल की टीम शीर्ष पर रही।
इस बार की जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि टीम ने अपने पिछले प्रदर्शन में सुधार करते हुए रेस्क्यू टास्क को मात्र 41 मिनट में पूरा कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। प्रतियोगिता के अंतिम परिणामों में उत्तर प्रदेश को दूसरा और आंध्र प्रदेश को तीसरा स्थान मिला। समापन समारोह के दौरान केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन और एनडीआरएफ के महानिदेशक पीयूष आनंद की उपस्थिति में एसडीआरएफ के एसएसपी अर्जित सेन ठाकुर को विजेता ट्रॉफी सौंपी गई। लगातार दो वर्षों तक राष्ट्रीय खिताब जीतकर हिमाचल प्रदेश की इस फोर्स ने खुद को देश की सबसे कुशल और भरोसेमंद आपदा राहत टीमों की श्रेणी में मजबूती से स्थापित कर लिया है।
By Dhruv Sharma
